यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के नेता एवं सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद के नेतृत्व में जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को जिला अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सपा नेता अजेन्द्र सिंह लोधी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद है और उसके प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र और संविधान की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल हताशा में स्तरहीन भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो उनके राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान की रक्षा करने की बात कही।
मीडिया संयोजक नीरज शर्मा और करण शर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान के लिए आगे भी आवाज उठाते रहेंगे।








