यूपी – गाजियाबाद, 13 मई 2026। श्री ठाकुर द्वारा बालिका विद्यालय का सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा 2025-26 का परिणाम शानदार रहा। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा तथा छात्राओं ने रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया।

विद्यालय की कुल 429 छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें से 40 से अधिक छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। स्कूल की मेधावी छात्राओं अंशु यादव और अदिति तोमर ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। मानवी गौतम ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हर्षिता राठौर ने 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार विभिन्न छात्राओं ने 13 विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
विद्यालय की प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्या और समस्त विद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








