यूपी – गाजियाबाद, लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने मंगलवार को वार्ड 43, 45, 35, 13 और 16 की चमन विहार, विजय विहार, सादुल्लाबाद, आर्य नगर, नाईपुरा और राजीव गार्डन कॉलोनियों में करीब 3 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर और रिबन काटकर उद्घाटन किया।
इस दौरान कॉलोनीवासियों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। रंजीता धामा ने बताया कि विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग टाइल्स, आरसीसी नालियां, टंकी मरम्मत और चारदीवारी निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा यही समर्थन भविष्य में भी विकास कार्यों को गति देगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी उद्घाटन कार्यक्रम में यह अवश्य जांचें कि कार्य किस निधि से कराया जा रहा है और उद्घाटन करने वाले व्यक्ति को उसका अधिकार है या नहीं।
कार्यक्रम में सभासद गुलजार अल्वी, मनबीर गुर्जर, सुशील कुमार, कमल शर्मा, रवि गुर्जर, एडवोकेट कुलदीप शर्मा, रोहित पाल, इरफान दीवान, राशिद भाई, विजेंदर नागर, प्रमोद शर्मा, राजकुमारी, नेहा मिश्रा, दुर्गेश चौधरी, रोहित चौधरी, हरिशंकर शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








