यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शहरवासियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मधुबन बापूधाम योजना के अंतर्गत आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के पॉकेट ई और एफ में 40 वर्गमीटर से 200 वर्गमीटर तक के 350 से अधिक आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं।
प्राधिकरण के अनुसार भूखंडों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी ऑनलाइन पंजीकरण और लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 11 मई 2026 से 25 मई 2026 तक चलेगी। इच्छुक नागरिक गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की वेबसाइट और जनहित पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
योजना में भूखंडों की दर 35 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक और सरकारी कर्मचारियों के लिए शासनादेश के अनुसार आरक्षण और विशेष प्रावधान भी लागू किए गए हैं। सामान्य वर्ग के आवेदकों को 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के आवेदकों को 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा करनी होगी। एकमुश्त भुगतान करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।
प्राधिकरण ने नागरिकों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है।








