16 मई को उत्तरांचल भवन में होगी महत्वपूर्ण बैठक, सदस्यता अभियान तेज
यूपी – गाजियाबाद। उत्तरांचल भवन के संचालन एवं प्रबंधन को लेकर उत्तरांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने गाजियाबाद नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। बैठक में उत्तरांचल भवन सामाजिक समिति के गठन, सदस्यता अभियान तथा आगामी संचालन व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया गया।
नगर निगम द्वारा उत्तरांचल भवन के संचालन हेतु सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट-1860 के तहत पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए उत्तरांचल भवन सामाजिक समिति का गठन किया गया है। समिति की प्रबंधकारिणी में नगर निगम अधिकारियों को भी सदस्य के रूप में नामित किया गया है। नगर आयुक्त ने उत्तरांचल समाज की विभिन्न समितियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता ग्रहण करने की अपील की।
नगर आयुक्त ने बताया कि उत्तरांचल भवन सामाजिक समिति की बैठक 16 मई 2026 को प्रातः 9:30 बजे उत्तरांचल भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक में सदस्यता पंजीकरण भी किया जाएगा। आजीवन सदस्यता शुल्क 11 हजार रुपये, विशेष सदस्यता शुल्क 5100 रुपये तथा सामान्य सदस्यता शुल्क 2100 रुपये निर्धारित किया गया है।
नगर निगम द्वारा निर्मित भव्य उत्तरांचल भवन के सफल संचालन के लिए मजबूत समिति गठन पर जोर दिया जा रहा है। अधिक से अधिक सदस्य बनने के बाद उत्तरांचल भवन की बुकिंग प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी, जिसके लिए नगर निगम द्वारा नियम, शर्तें एवं शुल्क निर्धारित किए गए हैं।
बैठक के दौरान उत्तरांचल समाज के प्रतिनिधियों ने सदस्यता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्त को विभिन्न सुझाव भी दिए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
भारतीय पर्वतीय महासभा के प्रतिनिधिमंडल में अभिनव सिंह भंडारी (राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य एवं मुख्य संयोजक, दिल्ली-एनसीआर), बालम सिंह बिष्ट, भुवन चंद पांडे, सतीश भारद्वाज, भगीरथ सिंह रावत, रोहित रावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तरांचल भवन के निर्माण एवं संचालन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।








