यूपी – गाजियाबाद, मोरटा गांव में नाले के पानी की निकासी की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी और किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों के साथ नगर निगम पहुंचकर अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर आलोक रंजन से उनके कार्यालय में मिला।

आलोक रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम अधिकारियों को शाम पांच बजे मोरटा गांव पहुंचने के निर्देश दिए। तय समय पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम के अधिकारी और ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए तथा विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों और ग्रामीणों ने पानी निकासी की व्यवस्था को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे।
निरीक्षण के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से आश्वासन दिया कि दो से तीन दिनों के भीतर गांव में अवैध रूप से आ रहे पानी के निस्तारण की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। अस्थायी ट्यूबवेल के माध्यम से ओवरफ्लो कम करने तथा नाले की सफाई कराकर पानी का स्तर घटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान विनीत त्यागी, महेंद्र त्यागी, अनुज त्यागी, बबलू त्यागी, रजनीश त्यागी, प्रमोद त्यागी, नरेश त्यागी, शुभम त्यागी, कपिल त्यागी, विजय नेताजी, सुरेश चौधरी, सनी चौधरी और ऋतिक कुशवाहा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।








