यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में मंगलवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैला भट्टा क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को लेकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कैला भट्टा क्षेत्र में कुछ बाहरी शरारती तत्व हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच वैमनस्य और नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। सपा नेताओं ने कहा कि गाजियाबाद हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है तथा शहर की सामाजिक एकता को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सतर्क निगरानी बढ़ाने, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई करने और शांति व्यवस्था कायम रखने की मांग की। इस दौरान अभिषेक गर्ग, सिकंदर यादव, असलम कुरैशी और शाहनवाज खान भी मौजूद रहे।








