यूपी – गाजियाबाद। शिव मंदिर धर्मार्थ औषधालय एवं आईएमए गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को हेपेटाइटिस-बी (काला पीलिया) की तीसरी डोज का निशुल्क टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चला, जिसमें कुल 52 लोगों को टीके लगाए गए।
शिविर का संचालन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अल्पना कंसल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान डॉ. नवनीत कुमार वर्मा ने भी चिकित्सा सेवाओं में सहयोग प्रदान किया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
शिव मंदिर कार्यकारिणी के सदस्य के.के. भटनागर, वी.के. गर्ग, इंदू त्यागी और संतोष ने शिविर के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने संस्था द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य सेवा कार्यों की सराहना की।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाई जा सके।








