यूपी – गाजियाबाद/लोनी। राष्ट्रीय लोकदल की लोनी नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने रविवार को वार्ड-1 की शरद सिटी, वार्ड-20 की इलायचीपुर व नसीब विहार तथा वार्ड-32 की राम विहार, कावेरी सिटी और अमन गार्डन कॉलोनी में लगभग 6 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
रंजीता धामा ने बताया कि विकास कार्यों के अंतर्गत हाई मास्क लाइट, इंटरलॉकिंग टाइल्स और आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 1 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से सिद्ध बाबा मंदिर से इलायचीपुर रोड तक दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे लोगों को रात में आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही अन्य कॉलोनियों में मुख्य मार्गों और सहायक गलियों का भी निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने रंजीता धामा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रही जनता की आवाज को उन्होंने सुना है। लोगों ने भविष्य में भी समर्थन देने का भरोसा जताया।
इस अवसर पर सुधीर तोमर, हरपाल, अनुज, ताराचंद, बहादरा कसाना, विवेक कुमार, पुष्पेंद्र, नौबहार सिंह, हरीश महतो, सूरज मंडल, मनोज जोगी, इसरार, फिरोज, अमन, सविता देवी, जया कुमारी, नैना देवी, रेणु, कुमकुम, मंजू, रानी देवी, कमला, गायत्री देवी, नीलम मिश्रा, राधा, बबीता देवी और रीना सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।








