यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत संचालित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राची शांडिल्य चौधरी, पत्नी केशव कुमार चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रेम, त्याग और समर्पण को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को भावुक कर दिया।

प्राची शांडिल्य चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है और सभी को उनका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें और यह भी देखें कि बच्चे सोशल मीडिया पर क्या देख रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार शुक्ल ने कहा कि मां हमारी प्रथम गुरु होती है तथा उसके प्रेम, त्याग और संस्कारों का कोई मूल्य नहीं हो सकता। समारोह में विद्यालय परिवार, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








