हिमाचल प्रदेश – अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हिमाचल प्रदेश के पालमपुर, जिला कांगड़ा स्थित चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय में शुरू हुआ। अधिवेशन का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रविंद्र गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामगोपाल राजा ने की। आयोजन हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष दीपक लाहोरी एवं राष्ट्रीय महासचिव राकेश गिल द्वारा किया गया।

अधिवेशन में 14 प्रदेशों के अध्यक्षों सहित 21 राज्यों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाल्मीकि समाज को दिए जा रहे सम्मान की सराहना की तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लोकप्रिय नेता बताया।

डॉ. रामगोपाल राजा ने प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने, राज्यसभा व विधान परिषद में वाल्मीकि समाज की भागीदारी बढ़ाने तथा भाजपा शासित राज्यों में वाल्मीकि समाज से दो-दो कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पृथक आरक्षण लागू करने की भी वकालत की। कार्यक्रम में कुलपति ए. के. पांडा एवं पालमपुर विधायक आशीष बुटेल सहित देशभर से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








