बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मातृत्व को किया नमन
माताओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह

यूपी – गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को प्री-नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों द्वारा जननी दिवस (मदर्स डे) हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माँ की महानता को सलाम किया।

समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्या निधि गौड़ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस सृष्टि में माँ से बढ़कर कुछ भी नहीं है। माँ ही बच्चे की पहली गुरु और ईश्वर का प्रतिरूप होती है। उन्होंने कहा कि वेदों में भी माँ की महिमा का गुणगान किया गया है।

कार्यक्रम में लगभग 100 माताओं ने सहभागिता की। उनके लिए फैशन शो, डांस, गुल्लक पेंटिंग और टी-शर्ट पेंटिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें माताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समारोह का मुख्य आकर्षण माताओं का भव्य रैम्प वॉक रहा, जिसमें उन्होंने विभिन्न परिधानों के माध्यम से महिलाओं की बहुआयामी भूमिका और आत्मविश्वास का संदेश दिया।
इसके अलावा माताओं के लिए कई मनोरंजक गेम्स भी आयोजित किए गए, जिनसे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। आयोजन के बाद सभी माताओं के लिए विशेष लंच की व्यवस्था की गई।
समापन अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाओं और माताओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया। यह आयोजन बच्चों के लिए सीखने और अभिव्यक्ति का मंच साबित हुआ, वहीं माताओं को सम्मान और स्नेह देने का सुंदर प्रयास भी रहा।








