यूपी – गाजियाबाद। आरकेजी ग्लोबल स्कूल, एक्सटेंशन में मातृ दिवस हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में उत्साह, अपनत्व और खुशी का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद माताओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मधुर संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर विभिन्न कला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और कला कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिवार की ओर से मनोरंजक खेल और गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
विद्यालय की डायरेक्टर प्रिंसिपल कैप्टन डॉ. दिनिषा भारद्वाज सिंह ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां परिवार की शक्ति, संस्कारों की आधारशिला और बच्चों की प्रथम गुरु होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में माताओं की भूमिका अतुलनीय है।
कार्यक्रम के अंत में माताओं और अभिभावकों ने विद्यालय के आयोजन की सराहना करते हुए इसे यादगार और भावनात्मक अनुभव बताया।








