यूपी – गाजियाबाद। राज कुमार गोयल प्रौद्योगिकी संस्थान (आरकेजीआईटी) के सीएसई–आईओटी विभाग द्वारा पहली मेगा हार्डवेयर तकनीकी प्रतियोगिता “अश्वमेध 1.0” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता और हार्डवेयर आधारित प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मण प्रसाद, बी.सी. शर्मा और एच.जी. गर्ग ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान आर.के. यादव, रामेन्द्र सिंह, पुनीत चंद श्रीवास्तव, विपुल गोयल, वैभव शर्मा सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल का विशेष मार्गदर्शन रहा।
लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों की रचनात्मकता और नवाचार को नई दिशा देते हैं, जबकि बी.सी. शर्मा ने इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच बताया।
प्रतियोगिता में 28 टीमों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने रोबोटिक्स, आईओटी, एआई/एमएल और स्मार्ट टेक्नोलॉजी आधारित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में विवेक तिवारी, ओम पंत, कृतिका सिंह और कृति शर्मा शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में “विजन गार्ड” टीम प्रथम, “रुद्र-एक्स” द्वितीय और “एग्रीटेक प्रो” तृतीय स्थान पर रही। विजेताओं को नगद पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्रुति सक्सेना, फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स और छात्र समन्वयकों ने किया।








