डॉ. अशोक कुमार गदिया बोले- नौजवानों के प्रेरणापुंज हैं महाराणा प्रताप
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में महाराणा प्रताप जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि महाराणा प्रताप स्वतंत्रता, साहस और स्वाभिमान के प्रतीक थे तथा आज के युवाओं के लिए प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी महाराणा प्रताप अडिग रहे और अपने सहयोगियों व सैनिकों के प्रति समर्पित भाव रखते थे।
डॉ. गदिया ने हल्दीघाटी युद्ध, चेतक घोड़े और रामप्रसाद हाथी की स्वामीभक्ति का उल्लेख करते हुए महाराणा प्रताप के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराणा ने देश और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष जारी रखा। संस्थान की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने भी महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अशोक कुमार गदिया और डॉ. अलका अग्रवाल ने महाराणा प्रताप, मां सरस्वती और भारत माता की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों अंकिता, आयुषी, ध्रुव, आंचल, अंजलि, दृष्टि, प्रिया एवं समूह ने गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन तन्नू ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।








