यूपी – गाजियाबाद। विश्व रेड क्रॉस दिवस पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, महिला जागरूकता और पोषण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। निवर्तमान सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में हुए इन कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने लाभ प्राप्त किया।

यूनानी हॉस्पिटल, हापुड़ रोड पर रोटरी क्लब न्यू गाजियाबाद ग्रेटर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें गौरव त्यागी की देखरेख में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजय नगर में किशोरियों को स्वच्छता, पोषण और माहवारी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। वहीं संतोष अस्पताल के चिकित्सकों ने छात्राओं के हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर और दंत परीक्षण किए तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।

विजय नगर स्थित टीबी क्लिनिक में टीबी मरीजों को पुष्टाहार पोटली वितरित की गई। इस अवसर पर रोटरी के पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जे.के. गौड़ मुख्य अतिथि रहे। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षकों और स्टाफ के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ टीबी विभाग की मोबाइल एक्सरे सुविधा उपलब्ध कराई गई।

राजकीय जिला चिकित्सालय, जीटी रोड में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार ने किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए रेड क्रॉस के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में एम.सी. गौड़, अश्वनी शर्मा, मनोज अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, चंचल जैन, शैलप्रभा, गीता शर्मा, जोगिंदर सिंह, मंजू राघव और गौरव त्यागी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और वॉलेंटियर्स को सम्मानित किया गया।
डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि रेड क्रॉस का हर स्वयंसेवक बिना भेदभाव जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने लोगों से रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता और समाज सेवा का संकल्प लेने की अपील की।








