यूपी – गाजियाबाद। आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद के तत्वावधान में जागरूकता रैली एवं पदयात्रा निकाली गई। रैली की शुरुआत जनपद न्यायाधीश आवासीय परिसर से हुई और इसका समापन नेहरू स्टेडियम गेट नंबर-2 पर हुआ।
जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद सिंह रावत ने रैली में प्रतिभाग करते हुए लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इससे लंबित मामलों का आपसी सहमति से शीघ्र निस्तारण संभव हो पाता है।
रैली में डीएलएसए सचिव नेहा बनौधिया, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारीगण और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।
पदयात्रा के दौरान लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता, सरल न्याय व्यवस्था और विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान के बारे में जानकारी दी गई।








