यूपी – लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि योग्यता और ईमानदारी के आधार पर हो रही सरकारी नियुक्तियों से युवाओं का विश्वास शासन व्यवस्था में मजबूत हुआ है।
नरेंद्र कश्यप ने बताया कि लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, आयुष विभाग और कौशल विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 481 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने इसे सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प का मजबूत उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि कौशल प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी व्यापक योजनाएं चला रही है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, बढ़ते निवेश और औद्योगिक विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।








