यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रवर्तन जोन-08 क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया तथा बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित पांच वेयर हाउसों को सीलबंद कर दिया। कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-08 के नेतृत्व में की गई।

जीडीए के अनुसार वाद संख्या 219/अ.नि./प्रवर्तन जोन-8/2026 में ब्रजभान सिंह द्वारा खसरा संख्या-244, ग्राम खुदाबास हकीकतपुर लोनी में करीब 12,640 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सड़क निर्माण, चिनाई और प्लाटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में अवैध निर्माण हटाया गया।
इसके अलावा रामपार्क एक्सटेंशन और आसपास के क्षेत्रों में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए गए वेयर हाउसों पर भी कार्रवाई की गई। निशांत द्वारा विजडम वैली स्कूल के सामने 1350 वर्गमीटर, पवन कुमार द्वारा खसरा संख्या-290 में 250 वर्गमीटर, हर्षित गुप्ता एवं पंकज द्वारा 540 वर्गमीटर, अनिल कुमार पुत्र सुखबीर व पंकज पुत्र साहिल द्वारा 190 वर्गमीटर तथा जमालुद्दीन एवं गुलफाम द्वारा 270 वर्गमीटर क्षेत्र में बने वेयर हाउस सीलबंद किए गए।
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस और स्थानीय पुलिस बल ने स्थिति नियंत्रित रखी। जीडीए ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








