यूपी – गाजियाबाद नगर निगम में बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर अभियान की समीक्षा करते हुए डॉग कैचिंग और स्टेरिलाइजेशन अभियान को तेज करने के निर्देश दिए। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में शहरभर में चल रहे अभियान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की टीमें वार्डवार अभियान चलाकर आवारा श्वानों को पकड़ने, उनका वैक्सीनेशन और स्टेरिलाइजेशन कराने का कार्य कर रही हैं। कई स्थानों पर टीमों को सोसाइटी और स्थानीय लोगों का सहयोग नहीं मिलने तथा विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायतें सामने आई थीं। इसे देखते हुए संबंधित टीमों को पहचान पत्र उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि अभियान के दौरान उन्हें सुविधा मिल सके।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी और उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने फ्रेंडीकोज़ संस्था की टीम को अभियान में तेजी लाने तथा अधिकारियों को निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के अनुसार अब तक शहर में 48 हजार से अधिक श्वानों का स्टेरिलाइजेशन किया जा चुका है। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने भी बैठक में भाग लिया। नगर आयुक्त ने आरडब्ल्यूए, पार्षदों और नागरिकों से अभियान में सहयोग की अपील की।








