दिल्ली – देवप्रभा प्रकाशन की ओर से निर्माण विहार स्थित एसएसएस स्टूडियो, दिल्ली में लेखिका कुसुम लता पुंडोरा ‘कुसुम’ की नई पुस्तक ‘भूमंडल की अनुपम रचना मां’ का भव्य लोकार्पण समारोह और काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के साहित्यकारों और कवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ गजलकार अनिल मीत मौजूद रहे। कवि, पत्रकार और प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने साहित्य को समाज की आत्मा बताते हुए पुस्तक की सराहना की। विशिष्ट अतिथियों में दोहाकार डॉ. मनोज कामदेव, साहित्यकार एवं चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार ‘मयंक’ तथा कशिश काव्य मंच की संस्थापक अध्यक्ष कंचन वाष्र्णेय शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन कवयित्री राज रानी भल्ला ने किया। काव्य गोष्ठी में 35 रचनाकारों ने गीत, गजल, दोहे और मुक्तकों के माध्यम से प्रेम, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कुसुम लता पुंडोरा ‘कुसुम’ ने सभी अतिथियों और रचनाकारों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया। समारोह साहित्य प्रेमियों के लिए यादगार अवसर बन गया।








