यूपी – गाजियाबाद। हम तुम रोड के जर्जर हालात और शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सचिन शर्मा और जिलाध्यक्ष दक्ष नागर (मथुरापुर) के नेतृत्व में जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह मार्ग दर्जनों गांवों को मेरठ रोड से जोड़ता है और इसके किनारे जीवन महक व निलाया ग्रीन्स जैसी कई आवासीय सोसाइटियां स्थित हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे, धूल और खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रीय निवासी सुनील कुमार अग्रवाल (जीवन महक सोसाइटी) ने पहले 1 मई से भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी, जिसे जीडीए चीफ इंजीनियर आलोक रंजन के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। उन्होंने 10-12 दिनों में निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही थी।
पंडित सचिन शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो दक्ष नागर के नेतृत्व में भाकियू (अ.) क्षेत्रीय लोगों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान सुन्नी सैन (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पश्चिम), सुनील अग्रवाल, अश्विनी जायसवाल, आयुष भड़ाना सहित कई लोग मौजूद रहे।








