यूपी – गाजियाबाद। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने मुख्यालय आने वाले आगंतुकों के लिए राहतभरी पहल करते हुए नींबू पानी की व्यवस्था शुरू की है। यह व्यवस्था नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर लागू की गई है। इससे पहले निगम द्वारा रेड लाइटों पर ग्रीन नेट और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाने जैसे कदम भी उठाए जा चुके हैं।
प्रभारी नजारत डॉ. अनुज ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे से 3:00 बजे तक, जब गर्मी चरम पर होती है, उस दौरान आगंतुकों को नींबू पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए पेय तैयार किया जा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
इस पहल को लेकर पार्षदों ने भी सराहना की। मौके पर शिवम शर्मा (वार्ड 91), शीतल (वार्ड 9), अजीत निगम (वार्ड 96) और सुभाष चौधरी (वार्ड 32) ने व्यवस्था का निरीक्षण किया और इसे सराहनीय बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि इसी प्रकार की व्यवस्था सभी जोनों में भी लागू की जाए।
नगर आयुक्त ने इस सुझाव पर प्रभारी नजारत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।








