यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजेंद्रनगर और शालीमार गार्डन क्षेत्र में व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई 4 मई 2026 को उपाध्यक्ष के निर्देश पर की गई।
अभियान के तहत राजेंद्रनगर सेक्टर-2 स्थित भूखंड संख्या आरएम-137, आरएम-137A और आरएम-137B तथा शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2, साहिबाबाद स्थित भूखंड संख्या C-100 पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बने निर्माणों को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने किया। टीम में अवर अभियंता गोपाल कृष्ण शर्मा और प्रशांत सहित प्रवर्तन स्टाफ शामिल रहा। अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को शांतिपूर्वक और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा कराया गया।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण करें, अन्यथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








