यूपी – गाजियाबाद। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर के विरोध में जिला मुख्यालय व विद्युत कार्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व जिला महासचिव शैलेश कुमार ने किया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है। गलत रीडिंग, बढ़े हुए बिल और तकनीकी खामियों से लोग परेशान हैं। पहले जहां ₹1500 तक का बिल आता था, अब वही ₹6000–7000 तक पहुंच रहा है। प्रीपेड मीटर में अग्रिम भुगतान के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
मीनाक्षी श्रीवास्तव ने कहा कि यह व्यवस्था पारदर्शिता के बजाय शोषण का माध्यम बन गई है। मनोज त्यागी ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती और मीटर की खामियां लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। किसानों के ट्यूबवेल पर लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शन में राशीद सिद्दीकी, सतीश गहलोत, सोढी सिंह, प्रशांत गुप्ता, डॉ. आदित्य सिंह, मयंक जैन, अनुज शर्मा, वसी अहमद, मनोज गौड़, रोहित यादव, अखिलेश गौतम व सिराजुद्दीन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








