यूपी – गाजियाबाद। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू ने शहरवासियों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद पूरे उत्तर प्रदेश में गंगा-जमुनी तहजीब और सौहार्द की मिसाल रहा है, जहां सभी धर्म और समुदाय के लोग मिल-जुलकर ईद और दीपावली जैसे त्योहार मनाते हैं।
इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया कि उनका जन्म भी इसी शहर में हुआ है और वे पिछले छह दशकों से यहां के सामाजिक ताने-बाने को करीब से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैला भट्टा क्षेत्र में हाल ही में दो समुदायों के बीच छोटी सी बात को लेकर हुआ विवाद, जो बाद में गंभीर रूप ले बैठा, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की घटनाएं शहर की पहचान को नुकसान पहुंचाती हैं और सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे मामलों में संयम बरतें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक-दूसरे को भड़काने के बजाय परिवारों और समाज के बीच संवाद स्थापित कर शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
इंद्रजीत सिंह टीटू ने कहा कि भाईचारा कायम रहेगा तो शहर में अमन-शांति बनी रहेगी, व्यापार सुचारू रूप से चलेगा और सभी रीति-रिवाज एवं त्योहार खुशी के साथ मनाए जा सकेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि उनका समाज हर परिस्थिति में, बिना समय देखे, समाज की सेवा के लिए हमेशा तैयार है।








