यूपी – गाजियाबाद के कविनगर स्थित रामलीला ग्राउंड में श्रम विभाग द्वारा सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 62 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। यह आयोजन उ.प्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के लिए किया गया।
कार्यक्रम में गाजियाबाद के 14, बुलंदशहर के 24 और हापुड़ के 24 जोड़ों ने भाग लिया। इनमें 27 हिंदू और 35 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। हिंदू रीति-रिवाज से पंडित तथा मुस्लिम रीति से काजी द्वारा विवाह संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में वर-वधू और उनके परिजनों के लिए भोजन, नाश्ता और सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था की गई।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए बताया कि योजना के तहत प्रति लाभार्थी 85 हजार रुपये सीधे खाते में और 15 हजार रुपये अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, उप श्रमायुक्त अनुराग कुमार मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त कृष्ण अवतार और अन्य श्रम प्रवर्तन अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पूनम शर्मा ने किया। अंत में अनुराग कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।








