अग्नि सुरक्षा सुदृढ़ीकरण को 100 करोड़ की मंजूरी, हाईराइज बचाव क्षमता होगी मजबूत

यूपी – गाजियाबाद। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बहुमंजिला इमारतों की संख्या को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अग्नि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण के प्रस्ताव को बोर्ड से परिचालन के माध्यम से स्वीकृति मिल गई है, जिसके तहत अग्निशमन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु लगभग 100 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इस संबंध में जीडीए द्वारा अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को धनराशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पत्र भेजा गया है। विभाग से आवश्यक खाता और विवरण मांगे गए हैं, ताकि जल्द से जल्द राशि हस्तांतरित की जा सके।

प्रस्तावित योजना के तहत 102 मीटर तक ऊंचाई पर कार्य करने में सक्षम दो अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीनें खरीदी जाएंगी। इससे हाईराइज भवनों में आग लगने की स्थिति में राहत और बचाव कार्य अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी हो सकेगा।

प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप जीडीए इस योजना को तेजी से लागू करने में जुटा है। यह पहल न केवल अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाएगी, बल्कि गाजियाबाद को आपदा प्रबंधन के लिहाज से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।