यूपी – गाजियाबाद, 30 अप्रैल 2026। इन्दिरापुरम क्षेत्र में हुए अग्निकांड के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा। अग्निकांड की जांच के लिए जीडीए सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई, जिसमें एडीएम एफ/आर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल और सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा को सदस्य बनाया गया है।
बैठक में फ्लैट ओनर एसोसिएशनों को निर्देशित किया गया कि सभी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह क्रियाशील रखी जाए। अवैध बालकनी विस्तार और अवैध पार्किंग को आपदा के समय बाधा बताया गया। राहुल पाल ने राजनगर एक्सटेंशन सहित हाईराइज क्षेत्रों में नए फायर स्टेशन की जरूरत बताई, जिस पर शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
कनावनी क्षेत्र में अवैध कबाड़ कार्य को आगजनी का कारण मानते हुए नगर निगम को सख्ती के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को हाईराइज, स्लम, औद्योगिक इकाइयों, होटलों, मॉल और शैक्षणिक संस्थानों में नियमित निरीक्षण कर लापरवाही पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।








