यूपी – गाजियाबाद, 28 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ, गाजियाबाद इकाई का निर्वाचन मंगलवार को संपन्न हुआ, जिसमें डॉ. सौरभ को निर्विरोध अध्यक्ष तथा डॉ. राहुल चौधरी को महामंत्री चुना गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरी हुई, जिसमें जिले के सभी सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

निर्वाचन के दौरान संघ के सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. पांडेय भी मौजूद रहे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उन्हें बधाई देते हुए संघ को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का आह्वान किया।
डॉ. एस.पी. पांडेय ने कहा कि पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने में संघ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इसके लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम पशुपालकों की समस्याओं के समाधान और विभागीय कार्यों में सकारात्मक योगदान देगी।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सौरभ और महामंत्री डॉ. राहुल चौधरी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे संघ के हितों की रक्षा और पशु चिकित्सा सेवाओं के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।








