यूपी – गाजियाबाद/मुरादनगर। ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई उपलब्धियां हासिल कीं। मुरादनगर स्थित विधान पब्लिक स्कूल में क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित योग प्रतियोगिता में विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।

इसके अलावा HRIT कॉलेज में आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हैंडबॉल में खिलाड़ियों ने तृतीय स्थान हासिल किया।
फोर्थ एनसीआर स्केटिंग चैंपियनशिप, जो चिपयाना स्थित स्केटिंग ट्रैक पर आयोजित हुई, उसमें भी ठाकुरद्वारा के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता।
प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने विजेता छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और विद्यालय आगे भी छात्राओं को प्रोत्साहित करता रहेगा।








