यूपी – गाजियाबाद, 26 अप्रैल। जानकी भवन, रामलीला ग्राउंड, कवि नगर में “भारत एंड इट्स साइंटिफिक ग्लोरी–चैप्टर 2” का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें 19 प्रदेशों के युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा, आधुनिक उपलब्धियों और वैश्विक प्रतिष्ठा पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने गणित, खगोल विज्ञान, आयुर्वेद और तकनीकी नवाचार में भारत की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील शर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने भारत की वैज्ञानिक यात्रा, आत्मनिर्भरता और नवाचार की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
आयोजन का संचालन विनीत वत्स त्यागी के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक तकनीक को प्रस्तुत किया गया। बेंगलुरु, कर्नाटक की टीम विजेता रही। अंत में सभी सहभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।








