27 अप्रैल से सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होंगी कक्षाएं
यूपी – गाजियाबाद, 25 अप्रैल 2026।
जनपद में बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) के प्रकोप को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद में संचालित सभी बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, मान्यता प्राप्त विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्डों के स्कूलों (नर्सरी से कक्षा 8 तक) में अब 27 अप्रैल 2026 से पठन-पाठन का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा।
यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।








