विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 2000 से अधिक लोग हुए जागरूक

यूपी – गाजियाबाद, 25 अप्रैल 2026।
विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जनपद में मलेरिया से बचाव और रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को “क्या करें और क्या न करें” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वर्ष 2026 की थीम “Driving to End Malaria: Now We Can, Now We Must” पर विशेष जोर दिया गया।

जनपद मुख्यालय के अंतर्गत ब्लूम पब्लिक स्कूल, विजय नगर और जैन मति इंटर कॉलेज, कविनगर में प्रमुख कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां लगभग 2000 लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग और विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय भागीदारी रही।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला मलेरिया अधिकारी जी.के. मिश्रा, जनपद एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ. शिवी अग्रवाल, सहायक मलेरिया अधिकारी नरेंद्र कुमार, मलेरिया निरीक्षक रजत शुक्ला और ज्ञानेश्वर मणि त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी डॉ. रितु वर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं, साथी फाउंडेशन की संचालिका काजल छिब्बर सहित लगभग 20 स्वास्थ्य कर्मियों और मलेरिया कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को मलेरिया के प्रति सजग कर इसके उन्मूलन की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना रहा।