यूपी – गाजियाबाद, 25 अप्रैल 2026।
मोदीनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण व सीलिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई।

ग्राम बेगमाबाद बुढाना, निवाड़ी रोड पर ओमपाल सिंह द्वारा लगभग 4000 वर्ग मीटर भूमि पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी भराई और भूखंड सीमांकन का कार्य कराया गया था, जो बिना स्वीकृत मानचित्र और स्वामित्व अभिलेख के पाया गया। वहीं, खसरा संख्या-85, याकूतपुर मावी में बृजेश कुमार नेहरा, अनूप सिंह, अनीता सिंह (पत्नी राजकुमार), कृष्णपाल, रविंद्र सिंह (पुत्र सरूप सिंह), गौरव नेहरा (पुत्र राजकुमार), देवेंद्र सिंह (पुत्र सरूप सिंह), राजपाल, धीरज पाल और संदीप चौधरी द्वारा लगभग 7000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित करने के लिए मिट्टी भराई और बिजली के खंभे लगाए गए थे।
प्राधिकरण ने इन अवैध निर्माणों पर चालानी कार्रवाई करते हुए सड़क, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता और प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ उपस्थित रहा।








