यूपी – गाजियाबाद, 25 अप्रैल 2026 (शनिवार)। नेहरू वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक हिन्दी नाट्य समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समर्पित शिक्षाविद, खेलों की प्रबल समर्थक एवं समाजसेवी शालिनी सिंह रहीं, जो वर्तमान में नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। हाल ही में उनका कविता-संग्रह “बेबाक हूँ, बेअदब नहीं” प्रकाशित हुआ है। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने 11 वर्ष पूर्व इसी नाटक का सफल मंचन किया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणादायी गीत के साथ हुआ। विद्यालय की एक्जीक्यूटिव हेड सूजन होम्स एवं सीनियर विभाग की प्रधानाध्यापिका मंजुला सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
‘बोल’ शीर्षक नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति और स्वदेशी भावना जागृत करने का प्रयास किया गया। औपनिवेशिक काल की पृष्ठभूमि पर आधारित यह नाटक उन अनगिनत लोगों के संघर्ष को दर्शाता है, जिनकी आवाज़ें दबाने की कोशिश की गई, लेकिन वे कभी खामोश नहीं हुईं। यह प्रस्तुति मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘जुलूस’ पर आधारित थी, जिसमें फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की मशहूर शायरी “बोल कि लब हैं आज़ाद तेरे” को भी प्रभावी रूप से शामिल किया गया।

नाटक के माध्यम से ब्रिटिश शासन के दौरान उन भारतीयों की मानसिकता को भी दर्शाया गया, जो स्वतंत्रता संग्राम को अराजकता मानते थे, और साथ ही जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 40 विद्यार्थियों ने ‘बोल’ नाटक में प्रतिशोध, साहस और मानवीय अभिव्यक्ति की भावनाओं को सशक्त अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
अंत में सीनियर स्कूल की प्रधानाचार्या मंजुला सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनमें देशभक्ति की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।








