यूपी – गाजियाबाद, 16 अप्रैल 2026। नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों के साथ गृह कर और कूड़ा निस्तारण को लेकर अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में फ्लैट ओनर फेडरेशन गाजियाबाद, आरडब्ल्यूए फेडरेशन और कोरवा-यूपी के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान कई पार्षद भी उपस्थित रहे।
गृह कर वृद्धि के मुद्दे पर कर्नल त्यागी ने कहा कि मेयर द्वारा पूर्व में वृद्धि समाप्त करने की घोषणा की जा चुकी है, ऐसे में नई व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। इस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आवासीय संपत्तियों पर कर वृद्धि 21 प्रतिशत और व्यावसायिक संपत्तियों पर 25 प्रतिशत से अधिक नहीं होगी। कर्नल त्यागी ने कहा कि अंतिम स्थिति तब स्पष्ट होगी जब बिल पोर्टल पर अपलोड हो जाएंगे, उसके बाद ही टिप्पणी की जाएगी।
कूड़ा निस्तारण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, जिसमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2016 के तहत ट्रेंच टाइप सैनिटरी लैंडफिल बनाने की मांग उठाई गई। नगर आयुक्त ने वर्तमान व्यवस्थाओं को बेहतर बताते हुए प्रतिनिधियों को ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कराने की बात कही।
बैठक में जय दीक्षित, कैलाश चंद्र शर्मा, नेम पाल चौधरी, एमएल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कई पार्षद मौजूद रहे।





