यूपी – गाजियाबाद, 16 अप्रैल 2026। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजेन्द्र नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह अभियान उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी प्रवर्तन जोन-07 के नेतृत्व में चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान भूखण्ड संख्या 4/13, सेक्टर-5, राजेन्द्र नगर, साहिबाबाद स्थित भवन के बेसमेंट और स्टिल्ट एरिया में बनाई गई 16 अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा भूखण्ड संख्या 2/14 और 2/16, सेक्टर-2, राजेन्द्र नगर में मम्टी के बराबर किए गए अतिरिक्त कमरों को भी गिराया गया।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-07 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी माह में भी विभिन्न क्षेत्रों में ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से बिना स्वीकृति निर्माण न करने की अपील की है, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।





