यूपी – गाजियाबाद/नोएडा। इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (आईसीआईएम) के चेयरमैन एवं पर्यावरणविद्-श्रम कानून सलाहकार सत्येन्द्र सिंह ने नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हालिया हिंसक घटनाओं को सुनियोजित साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि आगजनी, तोड़फोड़ और अराजकता की घटनाएं सामान्य विरोध नहीं, बल्कि प्रदेश के औद्योगिक माहौल और निवेश वातावरण को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी कोशिश हैं।
सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि 500 से अधिक औद्योगिक इकाइयों में नुकसान और 20 से अधिक वाहनों को आग के हवाले किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले से संकेत मिलने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने आशंका जताई कि हिंसा में बाहरी और असामाजिक तत्वों की भूमिका रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रदेश की छवि खराब करने और निवेशकों में भय पैदा करने की मंशा से यह घटनाएं कराई गईं।
उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही खुफिया तंत्र को सक्रिय कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया।
सत्येन्द्र सिंह ने श्रमिकों से अफवाहों से दूर रहने और उद्योग प्रबंधन से श्रमिक हितों का ध्यान रखने की अपील की।





