यूपी – गाजियाबाद। महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद द्वारा कंपनी बाग घंटाघर स्थित कार्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने महिलाओं, शोषित वर्ग और अनुसूचित जाति के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया और संविधान के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी बाबूराम शर्मा ने किया।
इसके साथ ही साहिबाबाद के गांव कड़कड़ मॉडल स्थित अंबेडकर भवन में मूर्ति स्थापना कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश सचिव चंद्रपाल, प्रदेश सचिव रविशंकर सूर्या (अनुसूचित विभाग), वीर सिंह जाटव, महानगर उपाध्यक्ष सूर्यकांत और महानगर महासचिव सुनील कर्दम सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और कांग्रेस की विचारधारा से लोगों को अवगत कराया।
इस दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी में बिजेंद्र जाटव और श्रीवास्तव को महासचिव पद पर मनोनयन पत्र देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।





