यूपी – गाजियाबाद। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शहर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर समाजसेवी सिकंदर यादव ने कई क्षेत्रों में पहुंचकर बाबा साहब को नमन किया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

सिकंदर यादव ने नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया, जहां उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लड्डू वितरण किया गया और उपस्थित लोगों को बाबा साहब की तस्वीरें भेंट की गईं।
इसके बाद वे मुरादनगर के सूराना क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इसके पश्चात विजयनगर क्षेत्र में भी उन्होंने कार्यक्रम में भाग लिया।
अपने संबोधन में सिकंदर यादव ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक न्याय के सबसे बड़े प्रतीक हैं। उन्होंने संविधान के माध्यम से समानता और अधिकारों की नींव रखी, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूरे शहर में “जय भीम” के नारों से माहौल गूंज उठा और लोगों ने समानता, शिक्षा व सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।





