यूपी – गाजियाबाद, वेव सिटी द्वारा किसानों की जमीनों पर कब्जा करने के आरोपों को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। 4 तारीख को पुलिस बल के साथ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई, लेकिन भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष और किसानों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया और अपनी जमीन बचाने का प्रयास किया।
इसी मुद्दे को लेकर 5 तारीख को गांव बयान में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एक कमेटी का गठन किया गया। बैठक में अनुज चौधरी ने स्पष्ट कहा कि यदि बिल्डर का यही रवैया जारी रहा, तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि वेव सिटी के सेल्स ऑफिस का घेराव किया जाएगा और यह घेराव तब तक जारी रहेगा जब तक किसानों को 8 प्रतिशत भूखंड, भूमिहीनों को उनका अधिकार और जबरन कब्जाई गई जमीन वापस नहीं मिल जाती।
बैठक के बाद किसानों और भूमिहीनों में जागरूकता फैलाने के लिए गांवों में एक यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। शाम 4 बजे बड़ी संख्या में किसान मोटरसाइकिलों के साथ एकत्र हुए और यात्रा निकाली।
इस दौरान सतीश त्यागी, देवेंद्र शर्मा, अमन प्रधान, गुड्डू मुखिया, आनंद चौधरी, बबली, अमित, प्रदीप, मनोज, जोगेंद्र सहित क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।





