यूपी – गाजियाबाद में नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के विरोध में सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) ने जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान शुरू करने की घोषणा की है। गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित विशेष बैठक में यह निर्णय महानगर अध्यक्ष पवन सक्सैना के नेतृत्व में लिया गया।

बैठक के दौरान पूर्व पार्षद धीरेन्द्र यादव (बिल्लू) को टैक्स वृद्धि के विरोध में अपने पद से त्यागपत्र देने के साहसिक कदम के लिए माला और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संस्थापक अध्यक्ष सतेन्द्र यादव ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और नगर निगम की अप्रत्याशित टैक्स वृद्धि का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस निर्णय का विरोध करें और टैक्स जमा न करें। साथ ही बताया कि 12 अप्रैल से शहरभर में हस्ताक्षर अभियान चलाकर ज्ञापन मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा।
पूर्व पार्षद धीरेन्द्र यादव (बिल्लू) ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है और जनप्रतिनिधि भी खुलकर विरोध नहीं कर रहे हैं। महानगर अध्यक्ष पवन सक्सैना ने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर सभी पार्षदों, विधायकों और सांसदों पर दबाव बनाएगी कि वे टैक्स वृद्धि का विरोध करें, अन्यथा जनता उनका विरोध करेगी।
बैठक में मनोज कुमार ‘होदिया’, दिग्विजय सिंह, संजय श्रीवास्तव, रामनरेश ठाकुर, दीपक वर्मा, राजेन्द्र यादव, कनिष्ठ यादव, विवेक राणा, हरीश शर्मा, अक्षय सिंह, रिंकू प्रजापति, नसरु मलिक, विकास, संजय कुमार, रोहित और दीपक पाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।





