यूपी – लखनऊ। अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा उत्तर प्रदेश द्वारा वृंदावन गार्डन, लखनऊ में प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा जिला महानगर लखनऊ के नेतृत्व में प्रताप सिंह पापा ने किया। बैठक में प्रदेश भर से आए वाल्मीकि समाज के लोगों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में लखनऊ की महापौर सुषमा खग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रताप प्रशांत द्विवेदी और अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार हरप्रीत सिंह शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष बंटी वाल्मीकि ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि वाल्मीकि समाज सनातन परंपरा का आधार है और महर्षि वाल्मीकि की रामायण ने विश्व को आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। बाल योगी उमेश नाथ महाराज ने समाज को शिक्षा के महत्व को समझने और अपनी ताकत पहचानने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने समाज की एकजुटता पर बल दिया।
कार्यक्रम में चार सूत्रीय मांग पत्र उपमुख्यमंत्री को सौंपा गया, जिसमें राजनीतिक भागीदारी समेत अन्य मुद्दे शामिल रहे। विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।





