यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बुधवार को ग्राम भिक्कनपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 18 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई।
प्राधिकरण के अनुसार, खसरा संख्या-475 में हेमलता पत्नी नरेंद्र गर्ग, योगेश शर्मा और दिनेश शर्मा द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध रूप से प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर किसी प्रकार की वैध अनुमति या स्वीकृत लेआउट नहीं दिखाया गया, जिसके बाद जीडीए टीम ने तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस को पूरी तरह से तोड़ दिया गया। ध्वस्तीकरण के समय कॉलोनाइजर और संबंधित लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
इस मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस और प्रवर्तन टीम मौजूद रही। जीडीए ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





