यूपी – गाजियाबाद, 5 अप्रैल। उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने महर्षि कश्यप से जुड़े महाकुंभ के सफल आयोजन पर राजनगर एक्सटेंशन स्थित गोल्डन व्यू फार्म हाउस में भव्य धन्यवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा कहा कि महाकुंभ की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित महाकुंभ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य स्वयं शामिल हुए, जबकि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मोबाइल फोन के माध्यम से संबोधन दिया। कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जहां हजारों की भीड़ उमड़ी।

इस अवसर पर सहभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता कर एकता का संदेश दिया। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कश्यप समाज और निषाद समाज के पदाधिकारियों का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह आयोजन भव्य स्वरूप तक पहुंचा है।





