यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 6 से 12 अप्रैल तक चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत यशोदा चौकी प्रभारी जयकुमार सरोहा ने दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्या मंदिर, नेहरू नगर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यालय के वंदना कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
जयकुमार सरोहा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी और इसके सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है तथा कई बार अपराध का कारण भी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में कभी नशा न करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया और सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन राठी ने पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए टीम का स्वागत किया। इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर पवन तिवारी, आकाश राजपूत, रूबी तथा वरिष्ठ दीवान रैदास सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





