यूपी – गाजियाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रदीप नरवाल ने गाजियाबाद महानगर कार्यालय पर जिला एवं महानगर पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संगठनात्मक स्थिति, पदाधिकारियों की नियुक्ति तथा उनकी सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदीप नरवाल ने बैठक के दौरान यह जानकारी ली कि जिले और महानगर में कितने पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं और उनमें से कितने सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी परखा कि बनाए गए पदाधिकारी बैठक में उपस्थित हैं या नहीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।
हालांकि, उन्होंने जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि गाजियाबाद की स्थिति अन्य जनपदों की तुलना में बेहतर है। कई जिलों में इससे भी कम उपस्थिति देखने को मिल रही है, फिर भी संगठन को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
बैठक में डॉ संजीव शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, महिला जिला अध्यक्ष डॉली त्यागी, अश्वनी त्यागी, राजकुमार पंडित, सूर्यकांत, दिनेश कांत मेहता, एडवोकेट किरण शर्मा, सविता गौतम, एडवोकेट कमलेश कुमारी, अब्दुल कादिर, महानगर उपाध्यक्ष समसुद्दीन सैफी, फरजाना चौधरी, हाफिज सलमानी, बीना मुल्तानी, कपिल गोयल, यश कौशिक और अरविंद गौतम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।





