
यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3600 वर्ग मीटर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई 2 अप्रैल 2026 को प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार खसरा संख्या 602, 603 और 605, ग्राम सरना, मुरादनगर में शहजाद मलिक, सलीम मलिक, शरद सिंहल (पुत्र मुकेश सिंहल) तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग की जा रही थी। लगभग दो फीट ऊंचाई तक चिनाई कर अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा था।
जीडीए टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई।
इस दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा। जीडीए ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





