
यूपी – गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर की समस्याओं को लेकर कोरवा-यूपी के प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण विभाग के मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल से हाइडल कॉलोनी, कविनगर स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य संरक्षक कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने किया।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सलाहकार डॉ. आर.के. आर्या, महासचिव कैलाश चंद शर्मा, अध्यक्ष डॉ. पवन कौशिक (ऑनलाइन), सचिव नेम पाल चौधरी, देवेन्द्र कुमार पाल और आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के चीफ कोऑर्डिनेटर मुकेश अग्रवाल शामिल रहे।
कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक होने के बावजूद कई समस्याएं उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ता डेटा की गोपनीयता, कमजोर नेटवर्क के कारण बिलिंग गड़बड़ी और प्रीपेड सिस्टम से होने वाली असुविधाओं को प्रमुख मुद्दा बताया। डॉ. आर.के. आर्या ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से केवल इच्छुक उपभोक्ताओं को ही प्रीपेड मीटर लगाने का संकेत मिला है।
कोरवा-यूपी पदाधिकारियों ने मांग की कि नए प्रीपेड मीटर फिलहाल न लगाए जाएं और पहले से लगे मीटरों की कार्यप्रणाली सरल बनाई जाए। मुख्य अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि सुझावों को शासन तक भेजा जाएगा और बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाएगा।





